सतचंडी महायज्ञ में शामिल हुए विधायक सुशील सिंह, लिया महाराज जी का आशीर्वाद
वाराणसी, नेपाली धाम में आयोजित श्री शतचंडी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के सातवें दिवस कथा में अत्यंत मार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया गया। कथा व्यास ने महाभारत के महान योद्धा, धर्मनिष्ठा एवं त्याग के प्रतीक भीष्म पितामह के जीवन, तपस्या और उनके आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कथा के दौरान माता कुंती के त्याग, धैर्य, भक्ति तथा भगवान श्रीकृष्ण के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा का भावपूर्ण वर्णन किया गया। वक्ता ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी माता कुंती ने धर्म और भक्ति का मार्ग नहीं छोड़ा तथा अपने जीवन से समाज को आदर्श संदेश प्रदान किया।
भीष्म पितामह एवं माता कुंती के प्रेरणादायी प्रसंगों को सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा के माध्यम से धर्म, कर्तव्य, त्याग और भगवान के प्रति पूर्ण समर्पण का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह भी नेपाली धाम पहुंचे और श्री शतचंडी महायज्ञ में सहभागिता की। उन्होंने पूज्य राजेंद्र नाथ जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर आयोजन की सराहना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।