दीवार तोड़ने, जान से मारने की धमकी और राजनीतिक प्रभाव के दुरुपयोग का आरोप, सुरक्षा व निष्पक्ष जांच की मांग
वाराणसी। नदेसर क्षेत्र की निवासी मंशा तिवारी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रार्थना-पत्र भेजकर भू-माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी वैध रूप से खरीदी गई जमीन पर निर्माण कार्य के दौरान कुछ लोगों ने जबरन उनकी दीवार गिरा दी तथा जान से मारने की धमकी दी।
मंशा तिवारी के अनुसार उन्होंने आराजी संख्या 395 स्थित लगभग 924 वर्गफुट भूमि विधिवत क्रय की है। उनका कहना है कि पड़ोसी भूमि से जुड़े कुछ लोगों ने दोनों भूखंडों के बीच 12 फीट रास्ता होने का दावा किया, जिसके बाद विवाद से बचने के लिए उन्होंने उक्त स्थान छोड़ते हुए वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) से स्वीकृत मानचित्र के अनुसार मकान निर्माण शुरू कराया।
पीड़िता का आरोप है कि 1 जुलाई 2026 को निर्माण कार्य के दौरान कुछ लोग 10 से 15 अन्य व्यक्तियों के साथ मौके पर पहुंचे और बिना किसी वैधानिक अधिकार के लगभग 7 फीट ऊंची तथा 40 फीट लंबी निर्मित दीवार को गिरा दिया। विरोध करने पर उनके पति के साथ अभद्रता की गई, धक्का-मुक्की की गई तथा दोनों को जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटो उनके पास साक्ष्य के रूप में सुरक्षित हैं।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित लोगों के विरुद्ध पूर्व में भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं और उनके राजनीतिक प्रभाव के कारण स्थानीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने मामले में संबंधित व्यक्तियों की संपत्तियों की जांच कराने की भी मांग की है।
मंशा तिवारी ने बताया कि घटना के संबंध में थाना कैंट में शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि आरोपियों के खुलेआम घूमने से उनके परिवार में भय का माहौल है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए प्रार्थना-पत्र में उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने, परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा वैध रूप से खरीदी गई भूमि पर बिना किसी भय के निर्माण कार्य कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।