वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा।
राजेंद्र पाल गौतम ने राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि मंदिर निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय केंद्र सरकार के नेतृत्व में हुए हैं, तो चंदे से जुड़े मामलों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
उन्होंने प्रदेश में सरकारी विद्यालयों के विलय (मर्जर) की प्रक्रिया की आलोचना करते हुए कहा कि इससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान, कानून और न्यायपालिका की भावना के अनुरूप कार्य नहीं कर रही है तथा लोगों की आस्था और भावनाओं का राजनीतिक उपयोग कर रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल गांधी संसद के भीतर और बाहर युवाओं, छात्रों, महिलाओं, दलितों, पिछड़ों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के मुद्दों को उठा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है।
प्रतियोगी परीक्षाओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यूपीएससी, एसएससी, आरआरबी सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया युवाओं पर आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने हाल के वर्षों में कई भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की आवश्यकता बताई।
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस शिक्षा को सुलभ बनाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के पक्ष में है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए संघर्ष करेगी तथा भविष्य में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी।