स्कूल तीन माह में एक फायर सेफ्टी ड्रिल अवश्य कराएं ....मनोज वर्मा

हर स्कूल को प्रत्येक तीन महीने के दरमियान कम से कम एक फायर सेफ्टी ड्रिल अनिवार्य रूप से करानी चाहिए, इससे तैयारी को बल मिलता है। ये बात सिविल डिफेंस सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर मनोज वर्मा ने फायर फाइटिंग एंड सेफ्टी ट्रेनिंग के दरमियान कही।


रेड रोज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित फायर सेफ्टी कार्यक्रम के दौरान सिविल डिफेंस अधिकारी मनोज वर्मा ने कहा कि आजकल अग्निकांड की घटनाएं बहुत हो रही है, जिसकी चपेट में आकर कई बार स्टूडेंट की मौत भी हो जा रही है। पिछले दिनों अलीगंज में कोचिंग में लगी आग ने 15 मासूम बच्चों की जिंदगी छीन ली। ऐसी घटनाएं न हो यदि हो भी जाए तो कम से कम नुकसान हो, इसके लिए हमें अपनी तैयारी पर बहुत काम करना होगा। प्रत्येक स्कूल में अनिवार्य रूप से फायर सेफ्टी ड्रिल होनी चाहिए। फायर ड्रिल का मकसद होता है बिना घबड़ाए तीन मिनट में सबको सुरक्षित बाहर निकालना। श्री वर्मा ने सभी को आग और उसके प्रकार से परिचित कराया, रासायनिक अग्निशमन उपकरण को चलाने का तरीका बताया, साथ ही बच्चों, अध्यापिकाओं के साथ साथ स्कूल की प्रधानाचार्या से आग बुझाने का अभ्यास भी कराया।


गौरतलब है कि सेवा संकल्प एवं एजुकेशन कॉसमॉस ने संयुक्त रूप से रेड रोज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सिविल डिफेंस के सहयोग से फायर फाइटिंग एंड सेफ्टी ट्रेनिंग कार्यशाला का आयोजन किया। जिसमें विद्यालय के सैकड़ों छात्र छात्राओं और शिक्षक शिक्षकाओ ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर विशेष रूप से स्टाफ ऑफिसर ऋतुराज रस्तोगी, रेड रोज स्कूल चेयरपर्सन स्मिता मिश्रा, प्रधानाचार्या श्रीमती आरती, सेवा संकल्प से सुखप्रीत कौर, अनीता सूद, रंजना तिवारी आदि उपस्थित रहें।