रामपुर। उत्तर प्रदेश/रामपुर के जनहित एवं राजस्व हितों की रक्षा को लेकर जिलाधिकारी अजय द्विवेदी अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। जनपद में बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों एवं अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।
जिलाधिकारी अजय द्विवेदी के निर्देश पर संबंधित विभागों की टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर अवैध प्लाटिंग की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले भू-माफियाओं एवं अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन द्वारा लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी भूखंड या प्लाट को खरीदने से पहले उसकी वैधता एवं आवश्यक स्वीकृतियों की जांच अवश्य कर लें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि शासन की मंशा के अनुरूप अवैध निर्माण एवं अवैध प्लाटिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस मुहिम से अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप का माहौल है, जबकि आम नागरिकों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है।
जिलाधिकारी की सक्रियता से जनपद में भू-उपयोग संबंधी नियमों के पालन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।