ऑपरेशन प्रहार 2.0: पानी के जार में छिपाकर बेच रहा था

कोरेक्स,अमहिया पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा रीवा जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत अमहिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पानी के जार में अवैध नशीली कफ सिरप (कोरेक्स) छिपाकर घूम-घूमकर बेचने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में कोरेक्स सिरप जब्त कर कानूनी कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 30 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नरेंद्र नगर स्थित खमरिया हाउस के पास पुलिया पर एक युवक पानी के जार में कोरेक्स की बोतलें रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही अमहिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मयंक मिश्रा उर्फ अमन गौतम (24 वर्ष),पिता कृष्ण कुमार गौतम,निवासी सुंदर नगर, बोदाबाग, थाना विश्वविद्यालय जिला रीवा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पानी के जार में रखी अवैध नशीली कफ सिरप बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा तथा नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. रितु उपाध्याय के निर्देशन में की गई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शिवा अग्रवाल, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश शुक्ला, प्रधान आरक्षक अरुणकांत द्विवेदी तथा आरक्षक विकाश तिवारी, दिवाकर तिवारी, कौशलेंद्र सिंह और आशीष पांडेय की सराहनीय भूमिका रही।