• Home
  • Uttar Pradesh
  • Saharanpur
  • Power outage all night despite no storm; residents in areas served by the Hinauta-Shahpur feeder face inconvenience; questions raised regarding maintenance.

बिना आंधी-तूफान के रातभर बिजली गुल, हिनौता-शाहपुर फीडर के ग्रामीण परेशान; मेंटेनेंस पर उठे सवाल

रीवा। हिनौता-शाहपुर फीडर क्षेत्र में इन दिनों बारिश के मौसम के दौरान बिना आंधी-तूफान या तेज बारिश के भी रात के समय बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि रात में कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से उमस के बीच लोगों की नींद प्रभावित हो रही है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ रही है। इसके अलावा पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्य और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सामान्य मौसम होने के बावजूद बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है। उनका कहना है कि यदि समय-समय पर फीडर और विद्युत लाइनों का समुचित रखरखाव किया गया होता तो ऐसी स्थिति बार-बार उत्पन्न नहीं होती। ग्रामीणों ने मेंटेनेंस कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए विभाग से इसकी जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि मेंटेनेंस के नाम पर हर वर्ष खर्च किए जाने वाले संसाधनों का अपेक्षित परिणाम जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं दे रहा है। हालांकि, इस संबंध में बिजली विभाग का पक्ष सामने नहीं आया है।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से हिनौता-शाहपुर फीडर की तकनीकी जांच कराकर नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की है।