प्रधानमंत्री आवास योजना पर रहा विशेष फोकस, पंचायत भवन में खुली बैठक संपन्न

धाता, फतेहपुर- विकास खण्ड धाता की ग्राम पंचायत सेमरहटा के पंचायत भवन में शुक्रवार को खुली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना को विशेष प्राथमिकता दी गई। ग्राम विकास अधिकारी द्वारा योजना की पात्रता सूची में शामिल लाभार्थियों के नाम पढ़कर सुनाए गए तथा ग्रामीणों को योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई। साथ ही लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण का आश्वासन दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए ग्राम विकास अधिकारी विजय सरोज ने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से आवास, पेंशन, राशन कार्ड, स्वच्छता एवं अन्य सरकारी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें सुनीं और उनका नियमानुसार शीघ्र समाधान कराने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर क्रिसिल फाउंडेशन की फील्ड कोऑर्डिनेटर अंजना निषाद ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन एवं दुर्घटना बीमा, सुकन्या समृद्धि योजना, राष्ट्रीय पेंशन योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा एवं वित्तीय समावेशन से जुड़ी योजनाओं के लाभ बताते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

बैठक में जेई विनीत कुमार, ग्राम विकास अधिकारी विजय सरोज (सेमरहटा), ग्राम विकास अधिकारी दीपक राय (कबरे), ग्राम प्रधान सोहन भारती, पंचायत मित्र नरेंद्र सिंह, फील्ड कोऑर्डिनेटर अनन्या निषाद, पंचायत सहायक नूतन शुक्ला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

बैठक का समापन ग्रामीणों के सुझावों, समस्याओं के समाधान के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता तथा ग्राम विकास में जनभागीदारी को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।