गैंगस्टर की ₹1.05 करोड़ की संपत्ति जिला प्रशासन ने की कुर्क, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मुरादाबाद: जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के आरोपी की करीब ₹1 करोड़ 5 लाख की संपत्ति कुर्क कर दी।

जानकारी के अनुसार, छजलैट थाना क्षेत्र के कुचावली निवासी अनिल कुमार पुत्र शिवकुमार ने 28 मार्च 2026 को एक जघन्य आपराधिक घटना को अंजाम दिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद जिला प्रशासन ने न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में आरोपी की लगभग ₹1.05 करोड़ मूल्य की चल एवं अचल संपत्ति को कुर्क कर लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और संगठित अपराध में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ प्रशासन की बड़ी और सख्त कार्रवाई माना जा रहा है।