लखनऊ/छत्तीसगढ़। भाकपा माले रेड स्टार के राज्य सचिव कॉमरेड सौरा ने आज जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि पूरा भारत आज अभूतपूर्व महँगाई की मार से गुजर रहा है। भारतीय रुपये का बाहरी मूल्य ऐतिहासिक रूप से लगातार गिरता जा रहा है, वहीं जन-उपभोग की सभी वस्तुओं की घरेलू कीमतें आसमान छू रही हैं।
ईरान पर अमेरिकी–ज़ायोनिस्ट इसराइली आक्रमण और उसके परिणामस्वरूप होरमुज़ जलडमरूमध्य की नाकेबंदी के चलते वैश्विक पेट्रोलियम कीमतों में वृद्धि हो रही है। जब भारत रियायती दरों पर रूसी तेल प्राप्त कर रहा था, तब संघ भाजपा के करीबी रिलायंस जैसी कंपनियाँ उससे भारी मुनाफा कमा रही थीं। और मोदी शासन घरेलू तेल कीमतों को कम करने के लिए तैयार नहीं था।
सस्ती दर पर रूस से प्राप्त तेल से अंबानी जैसे कॉरपोरेट घराने ने भारी मुनाफा कमाया।लेकिन आम जनता को इसका कोई फायदा नहीं हुआ। दूसरी ओर, विधानसभा चुनावों के बाद कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि का बहाना बनाकर संघी मनुवादी फासीवादी शासन लगातार पेट्रोल, डीज़ल और रसोई गैस (LPG) की घरेलू कीमतों में बढ़ोतरी कर रहा है।
पिछले 10 दिनों में 4 बार पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ी हैं ।जनता की दुश्वारियां अभी और बढ़ने वाली हैं।इन सबके साथ-साथ सरकार द्वारा जीएसटी वसूली में बढ़ोतरी भी हर वस्तु और सेवा की कीमतों में भयावह वृद्धि का कारण बन रही है।
इस परिस्थिति में, हम राज्य की तमाम वामपंथी प्रगतिशील लोकतांत्रिक ताकतों से अपील करते हैं कि आइए हम सब मिलकर वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों में हो रही इस अभूतपूर्व आसमान छूती वृद्धि के खिलाफ उपलब्ध और संभव सभी माध्यमों से प्रतिरोध संगठित करें।