शॉर्ट सर्किट से भड़की आग में तीन बीघा गेहूं की फसल राख

खखरेरू/फतेहपुर- थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव में 11 हजार लाइन के शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आकर किसानों की करीब तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी पास खड़ी गेहूं की फसल तक पहुंच गई। तेज हवा के चलते देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो सैकड़ों बीघा फसल जलकर नष्ट हो सकती थी। आगजनी में किसान रिजवान अहमद पुत्र मोइजउद्दीन और शमसाद पुत्र इमामुद्दीन की लगभग तीन बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल विनीत कुमार मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग से हुए नुकसान की रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है।