तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से गर्भवती महिला की मौत, लोगों में आक्रोश

मंडल मुरादाबाद /उत्तर प्रदेश/ थाना राधानगर क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार गर्भवती महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला अपने भाई के साथ जिला अस्पताल टीका लगवाने जा रही थी, तभी तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना राधानगर क्षेत्र के देवीगंज पुल के पास की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। गर्भवती महिला की मौत की खबर से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद लोगों ने महिला के शव को पुल पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।