रामपुर । उत्तर प्रदेश/ जिलाधिकारी द्वारा किए जा रहा है सराहनीय कार्यों को लेकर जनपद वासी काफी प्रभावित हुए। इसी क्रम सोमवार को दफ्तरों के चक्कर काट रहे शुऐब को जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने खुद सौंपा कार्ड सौंपकर शकील के बच्चों के आंखों के ऑपरेशन का रास्ता साफ किया।
भीषण गर्मी के बीच आपको बता दें जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी का सोमवार को आयोजित जनता दर्शन रामपुर वासियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया। जनसुनवाई के दौरान जहां एक ओर डीएम ने कड़े प्रशासनिक तेवर दिखाते हुए अधिकारियों को आयुष्मान भारत योजना और अंत्योदय अन्न योजना जैसी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ तत्काल पात्रों तक पहुंचाने का निर्देश दिया, वहीं दूसरी ओर उनका एक बेहद मानवीय और स्नेहशील रूप भी देखने को मिला। कड़क मिजाज वाली प्रशासनिक छवि से अलग डीएम ने फरियादियों के साथ आए मासूम बच्चों को गुब्बारे और चॉकलेट बांटकर वहां मौजूद हर शख्स का दिल जीत लिया।
तहसील सदर निवासी शुऐब खां लंबे समय से अंत्योदय राशन कार्ड बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे थे। सोमवार को जनता दर्शन में जब उन्होंने अपनी पीड़ा जिलाधिकारी के समक्ष रखी, तो डीएम ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने मौके पर ही जिला पूर्ति अधिकारी को कड़े निर्देश दिए। परिणाम यह रहा कि चंद घंटों के भीतर शुऐब का अंत्योदय कार्ड बनकर तैयार हो गया और जिलाधिकारी ने स्वयं अपने हाथों से उन्हें यह कार्ड सौंपा। उत्तर प्रदेश सरकार की सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत त्वरित निस्तारण का यह कदम विभागीय अधिकारियों के लिए भी एक नजीर बना।
जनसुनवाई के दौरान तहसील स्वार के ग्राम रूस्तमनगर से आए शकील अहमद की गुहार सुनकर वहां मौजूद लोग भावुक हो गए। शकील अपने दो बच्चों की आंखों के ऑपरेशन के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने की उम्मीद लेकर पहुंचे थे। उन्होंने अपनी खराब आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इलाज में असमर्थता जताई। जिलाधिकारी ने बिना कोई देरी किए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत तत्काल कार्ड बनाने के निर्देश दिए। कार्ड बनने के बाद डीएम ने उन्हें अपने कार्यालय में बुलाकर स्वयं कार्ड प्रदान किया, जिससे अब उनके बच्चों के मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण इलाज का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
जब गुब्बारे वाले से खरीदे गए गुब्बारे मासूमों के चेहरों की बने मुस्कान
अक्सर सख्त मिजाज वाले प्रशासनिक महकमे के बीच रामपुर डीएम का एक अलग ही स्नेहशील व्यक्तित्व उभर कर सामने आया। पिछले समाधान दिवस पर जब एक गुब्बारे वाला अपनी शिकायत लेकर पहुंचा था, तो डीएम ने न केवल उसकी समस्या का त्वरित निदान कराया था, बल्कि उसके सारे गुब्बारे भी खरीद लिए थे। तब लोगों को यह वाक्य समझ नहीं आया था, लेकिन सोमवार के जनता दर्शन में इसका खूबसूरत परिणाम देखने को मिला। जनसुनवाई में जो भी फरियादी अपने छोटे बच्चों के साथ पहुंचे थे, डीएम ने उन सभी मासूमों को वही गुब्बारे और चॉकलेट भेंट किए। गर्मी और परेशानी के बीच एक बड़े अधिकारी के इस अपनत्व भरे व्यवहार ने माहौल को पूरी तरह खुशनुमा बना दिया।
जनसुनवाई के समापन पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आमजन को आवास, राशन कार्ड, राजस्व या स्वास्थ्य से जुड़ी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि जन शिकायतों को गंभीरता से लें और सभी मामलों का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए।