थाना मिलक पुलिस व साइबर सेल की बड़ी कार्रवाई, साइबर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

रामपुर। उत्तर प्रदेश/ जनपद रामपुर के थाना मिलक पुलिस ने साइबर सेल टीम के सहयोग से साइबर ठगी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से साइबर अपराध में प्रयुक्त 7 मोबाइल फोन, 9 एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, सिम कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक रामपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मिलक के कुशल नेतृत्व में थाना मिलक पुलिस एवं साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विकास गंगवार पुत्र राजाराम, निवासी ग्राम गुलड़िया थाना शीशगढ़, जनपद बरेली तथा राजीव पुत्र रामपाल, निवासी ग्राम बीसलपुर थाना शीशगढ़, जनपद बरेली के रूप में हुई है।


पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, 9 एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, सिम कार्ड एवं साइबर ठगी में प्रयुक्त अन्य उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा आमजन से अपील की गई है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, ओटीपी, एटीएम या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम पुलिस थाने को दें।