वाराणसी, भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे द्वारा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के विरुद्ध सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल को ज्ञापन सौंपकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा "विश्वकर्मा" के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सांसद निशिकांत दुबे सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक और आपत्तिजनक टिप्पणियां कर प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने वाराणसी के राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल के सोशल मीडिया पर दिए गए कथित अभद्र बयानों की भी शिकायत करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सपा नेताओं ने कहा कि यदि सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी नहीं की गई तो समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल के बयान से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, इसलिए उनके विरुद्ध भी उचित कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा "विश्वकर्मा", पूर्व कैंट विधानसभा प्रत्याशी पूजा यादव, महानगर उपाध्यक्ष जयशंकर यादव, मनोज यादव, रमाकांत जायसवाल, राजेश अग्रहरी, सोनू विश्वकर्मा, कंचन पासी, मंजू कन्नौजिया, आरती यादव, अभिजीत सोनी, मौनू मौर्य सहित अन्य समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।