वाराणसी, 13 जून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय स्थित नेशनल सेंटर ऑफ एजिंग (एनसीए) का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों एवं तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र का प्रारंभिक संचालन 52 बिस्तरों के साथ शुरू किया जाएगा तथा शेष कार्य 30 जून तक पूरा हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए फिनिशिंग कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। वृद्धजनों के लिए समर्पित यह अत्याधुनिक केंद्र जेरियाट्रिक चिकित्सा, डायलिसिस, फिजियोथेरेपी, स्लीप लैब, क्रिटिकल केयर एवं मल्टीस्पेशियलिटी ओपीडी जैसी सुविधाएं प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में वृद्धजन स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने पर भी बल दिया।