वाराणसी, उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन एवं गौतम बुद्ध नगर कैरम एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में नई दिल्ली के हरकिशन सिंह सुरजीत भवन स्थित इन्द्रजीत गुप्ता सभागार में आयोजित 30वीं उत्तर प्रदेश राज्य कैरम चैंपियनशिप के दूसरे दिन टीम स्पर्धा के रोमांचक मुकाबले खेले गए। लीग चरण की समाप्ति के बाद प्राप्त परिणामों के आधार पर झांसी, प्रयागराज, गोरखपुर और मुरादाबाद की टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में झांसी ने वाराणसी को 2-1 से, प्रयागराज ने बरेली को 2-1 से, गोरखपुर ने रायबरेली को 3-0 से तथा मुरादाबाद ने मेरठ को 2-1 से पराजित कर अंतिम चार में स्थान बनाया इससे पूर्व अंक तालिका के आधार पर वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ, प्रयागराज, झांसी, रायबरेली, मुरादाबाद और बरेली की टीमों ने अंतिम आठ में जगह बनाई थी। समाचार लिखे जाने तक सेमीफाइनल मुकाबले जारी थे चैंपियनशिप के समापन दिवस 23 अगस्त को एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का संचालन चैंपियनशिप कमेटी के अध्यक्ष बैजनाथ सिंह, महासचिव श्रीमती भारती नारायण, उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के सचिव एडवोकेट सिराजुद्दीन, चीफ रेफरी सरदार रणवीर सिंह तथा सहायक प्रधान निर्णायक रमेश कुमार वर्मा की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है।