काशी सहित देशभर में मनाया गया शंकराचार्य जी का 57वां प्राकट्य महामहोत्सव

काशी सहित देशभर में मनाया गया शंकराचार्य जी का 57वां प्राकट्य महामहोत्सव

वाराणसी, 14 अगस्त। श्रावण शुक्ल द्वितीया के अवसर पर धर्मसम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज एवं ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामिश्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का 57वां प्राकट्य महामहोत्सव काशी सहित देशभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।

काशी शंकराचार्य घाट स्थित श्रीविद्यामठ में वैदिक आचार्यों ने शंकराचार्य जी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना से रुद्राभिषेक किया। भक्तों ने पूजन, माल्यार्पण एवं चरण पादुका पूजन के बाद दंडी संन्यासियों का भंडारा कराया। मातृशक्ति ने भजन-कीर्तन एवं सोहर प्रस्तुत किए।

मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि छत्तीसगढ़ के बेमेतरा स्थित सपाद लक्षेश्वर धाम सलधा में चल रहे चातुर्मास्य अनुष्ठान में भी शंकराचार्य जी का प्राकट्य दिवस मनाया गया। भक्तों ने 57 वस्तुओं से अर्चन एवं फल, अनाज, मिष्ठान व सूखे मेवों से तुलादान किया। ज्योर्तिमठ बद्रिकाश्रम सहित देश के विभिन्न तीर्थों में भी शंकराचार्य जी के दीर्घायु जीवन की कामना के लिए धार्मिक अनुष्ठान हुए। इस अवसर पर संतों, वैदिक आचार्यों, दंडी संन्यासियों, बटुक विद्यार्थियों सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।