आर० आर० ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स (RRGI) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय इनोवाथॉन 2026 का आज भव्य समापन हुआ। यह राज्य स्तरीय हैकाथॉन नवाचार, सहयोग और युवा तकनीकी प्रतिभाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन का सशक्त मंच बनकर उभरा। इस आयोजन में प्रदेश भर से विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 300 से अधिक टीमों के पंजीकरण और 210 से अधिक टीमों की सक्रिय भागीदारी के साथ यह कार्यक्रम रचनात्मकता और समस्या-समाधान का केंद्र बना रहा।
तीन दिनों तक प्रतिभागियों ने गहन ब्रेनस्टॉर्मिंग, मेंटरशिप सत्र, प्रोटोटाइप विकास एवं अंतिम प्रेजेंटेशन में हिस्सा लिया। कड़े प्रतिस्पर्धात्मक दौर के बाद शीर्ष 30 टीमों का चयन किया गया, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट तकनीकी कौशल और नवाचार का प्रदर्शन करते हुए फाइनल राउंड में प्रस्तुति दी।समापन समारोह में फाइनलिस्ट टीमों ने जूरी के समक्ष ऊर्जावान प्रस्तुतियाँ दीं और शीर्ष स्थानों के लिए प्रतिस्पर्धा की।
* प्रथम स्थान: टीम Zerorace, फिरोज गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, रायबरेली
* द्वितीय स्थान: टीम Code Crackers, सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, लखनऊ
* तृतीय स्थान: टीम Code Red X, आर० आर० ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, लखनऊ
विजेता टीमों को क्रमशः ₹21,000, ₹8,100 एवं ₹3,100 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। साथ ही Krutrim (Ola) द्वारा प्रायोजित क्लाउड क्रेडिट्स भी दिए गए, जिनकी राशि क्रमशः ₹12,000, ₹8,000 एवं ₹5,000 रही। यह आयोजन 1500 से अधिक प्रतिभागियों, 300 से अधिक टीमों और 30 से अधिक महाविद्यालयों की सहभागिता के साथ नवाचार का एक सशक्त मंच बना। चयनित शीर्ष 30 टीमों ने अपने प्रभावी प्रोटोटाइप प्रस्तुत कर वास्तविक समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल दिखाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री अभय जीत सिंह (सीईओ, Dextora AI) एवं श्री अमित (संस्थापक, Fortax) उपस्थित रहे। साथ ही संस्थान के निदेशक श्री एस. एस. चौहान, डीन अकादमिक्स श्री दुर्गेश वर्मा, चीफ प्रॉक्टर श्री विजय बहादुर, डीन स्टूडेंट वेलफेयर श्री विकास सिंह एवं श्री आशीष शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अध्यक्षों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर Krutrim Cloud की सुश्री वाटिका मल्होत्रा की विशेष भूमिका रही, जिनकी सहभागिता ने कार्यक्रम को उद्योग से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। समापन समारोह में डीन ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सुश्री आरती जायसवाल ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनके नवाचार, समर्पण एवं समस्या-समाधान की क्षमता की प्रशंसा की।
अंत में, आरआरजीआई के सचिव श्री चितांशु अग्रवाल ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विद्यार्थियों को अपने विचारों को वास्तविकता में बदलने के लिए प्रेरित किया। इनोवाथॉन 2026 ने यह सिद्ध कर दिया कि यह केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक ऐसा मंच है जो युवाओं को नवाचार, सहयोग और वास्तविक समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रेरित करता है।