• Home
  • Delhi
  • New Delhi
  • The Sensex rose by 2073 points, due to Trump lowering tariffs; it closed at 83,739.

सेंसेक्स 2073 अंक चढ़ा, वजह- ट्रम्प ने टैरिफ घटाया: 83,739 पर बंद हुआ, निफ्टी भी 639 अंक ऊपर

शेयर बाजार में आज यानी 3 फरवरी को तेजी रही। सेंसेक्स में 2073 अंक (2.54%) बढ़कर 83,739 पर बंद हुआ। निफ्टी में 639 अंक (2.55%) की तेजी रही, ये 25,728 पर बंद हुआ। ट्रम्प ने भारत पर टैरिफ को 50% से घटाकर 18% कर दिया है, जिस वजह से बाजार चढ़ा है।

रियल्टी, मेटल और फार्मा शेयर में सबसे ज्यादा खरीदारी रही। निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 4.79% चढ़कर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में बढ़त रही। वहीं निफ्टी 50 शेयरों में से 46 शेयरों चढ़कर बंद हुए।

1 फरवरी को बजट में STT टैक्स बढ़ने के ऐलान के बाद सेंसेक्स 1,546 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ था। वहीं कल 2 फरवरी को सेंसेक्स 943 अंक चढ़कर 81,666 पर बंद हुआ था। आज भारत-अमेरिका ट्रेड डील के ऐलान चलते बाजार में तेजी रही।

ट्रेड डील से अडाणी के शेयर 11% तक चढ़े

भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील से अडाणी ग्रुप के शेयर 11% तक चढ़े हैं। अडाणी ग्रुप का अमेरिका में कई सेक्टर्स में बड़ा कारोबार है, इसलिए इसके शेयरों में तेजी है।

  • अडाणी ग्रीन 10.43% उछलकर ₹932 पर पहुंच गया है।
  • अडाणी एंटरप्राइजेज 10.58% बढ़कर ₹2,206 पर बंद हुआ।
  • अडाणी पोर्ट्स का शेयर 9.19% चढ़कर ₹1,532 पर पहुंच गया।
  • अडाणी पावर का शेयर 7.36% बढ़कर ₹144 पर पहुंच गया।

टैरिफ घटने से भारत को 5 फायदे

1. अमेरिका में सस्ता होगा भारतीय सामान: अमेरिका ने भारतीय सामानों पर लगने वाले टैक्स को 50% से घटाकर 18% कर दिया है। इसका मतलब है कि 'मेड इन इंडिया' प्रोडक्ट अब अमेरिका में पहले से सस्ते बिकेंगे, जिससे उनकी डिमांड बढ़ेगी।

2. कपड़ा और गारमेंट सेक्टर में ग्रोथ: टेक्सटाइल इंडस्ट्री को सबसे ज्यादा फायदा होगा क्योंकि भारत के कुल कपड़ा निर्यात का 28% हिस्सा अकेले अमेरिका जाता है। टैक्स कम होने से भारतीय कपड़े ज्यादा प्रतिस्पर्धी हो जाएंगे।

3. इंजीनियरिंग और ऑटो पार्ट्स को नए ऑर्डर: भारत से अमेरिका जाने वाले सामानों में सबसे बड़ा हिस्सा मशीनरी और ऑटो पार्ट्स का है। टैक्स घटने से इन कंपनियों का मुनाफा बढ़ेगा और उन्हें अमेरिका से नए और बड़े ऑर्डर्स मिलने में आसानी होगी।

4. सीफूड और ज्वैलरी व्यापारियों को राहत: समुद्री भोजन और हीरे-जवाहरात के निर्यात पर लागत कम आएगी। इससे इस सेक्टर से जुड़ी कंपनियों और ज्वेलर्स को फायदा होगा।

5. शेयर बाजार और रुपया होगा मजबूत: इस डील से सेंटीमेंट बदलेगा, जिससे शेयर बाजार में तेजी आएगी। साथ ही, डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया मजबूत होगा।