आंधी-तूफान से विद्युत व्यवस्था ध्वस्त, पेड़ गिरने से सड़क यातायात बाधित

 खखरेरू/फतेहपुर क्षेत्र में गुरुवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं के चलते विद्युत आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई, वहीं कई स्थानों पर पेड़ गिरने से सड़क यातायात भी बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार रात करीब दो बजे अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ गया। तेज आंधी और तूफान के कारण उकाथू पावर हाउस के तेंदुआ फीडर क्षेत्र में लगभग छह से सात स्थानों पर विद्युत पोल टूट गए, जिससे घरेलू एवं कृषि विद्युत लाइनें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। कई किसानों के ट्रांसफार्मर खराब हो गए, जबकि कुछ ग्रामीणों के मकानों की टीन शेड उड़ने की भी सूचना है। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं मिली है।


वहीं रक्षपालपुर-बिछियावा मार्ग पर दो दर्जन से अधिक पेड़ सड़क पर गिर जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। छोटे वाहन किसी तरह निकलते दिखाई दिए, जबकि बड़े वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। खबर लिखे जाने तक सड़क किनारे गिरे पेड़ों को हटाने का कार्य शुरू नहीं हो सका था।

तेज आंधी और तूफान से किसानों की फसलों और कृषि उपकरणों को भी भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल कराने तथा मार्गों से गिरे पेड़ों को हटवाने की मांग की है।