• Home
  • Uttar Pradesh
  • Agra
  • Illegal beauty parlors are operating rampantly in Dhanpatganj market, people demanded action.

धनपतगंज बाजार में धड़ल्ले से संचालित हो रहे अवैध ब्यूटी पार्लर, लोगों ने उठाई कार्रवाई की मांग

धनपतगंज बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में बिना पंजीकरण और मानकों के कई ब्यूटी पार्लर संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई पार्लरों में न तो प्रशिक्षित कर्मचारी हैं और न ही स्वच्छता के आवश्यक नियमों का पालन किया जा रहा है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।

जानकारों के अनुसार ब्यूटी पार्लर संचालन के लिए नगर पंचायत अथवा संबंधित विभाग से व्यापार लाइसेंस, जीएसटी पंजीकरण तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी प्रमाण पत्र आवश्यक होते हैं। साथ ही कर्मचारियों को ब्यूटी एवं कॉस्मेटिक कार्य का प्रशिक्षण प्रमाण पत्र होना चाहिए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई पार्लरों में पुराने उपकरणों का दोबारा उपयोग, अस्वच्छ तौलियों और घटिया कॉस्मेटिक उत्पादों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे त्वचा संक्रमण, एलर्जी और फंगल इंफेक्शन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। आरोप है कि पार्लर संचालक ग्राहकों को पहले से सेवाओं का स्पष्ट शुल्क नहीं बताते और शादी-विवाह के मौसम में मनमाने तरीके से भारी रकम वसूलते हैं। कई ग्राहकों ने बिल और रेट सूची तक न दिखाए जाने की शिकायत की है।

क्षेत्र निवासी रणविजय सिंह, प्रदीप मिश्रा, गौरव सिंह, रामआसरे वर्मा, संतराम यादव तथा करमराज सिंह ने प्रशासन से जांच कर अवैध रूप से संचालित ब्यूटी पार्लरों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने कहा कि स्वास्थ्य से खिलवाड़ और ग्राहकों के आर्थिक शोषण पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभाग को सख्त कदम उठाने चाहिए।