धरने के तीसरे दिन किसान यूनियन ने अधिशासी अभियंता को सौंपा ज्ञापन

 खखरेरू/फतेहपुर  भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के बैनर तले कठारिया गांव की समस्याओं को लेकर चल रहे अनिश्चितकालीन धरने के तीसरे दिन किसानों ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। माइनर की पटरी और पुलिया निर्माण की प्रमुख मांग

किसानों ने ज्ञापन में कठारिया माइनर के दोनों किनारों की पटरी की तत्काल मरम्मत कराने और जहां चक रोड मार्ग है वहां पुलिया निर्माण कराने की मांग उठाई। किसानों का कहना है कि माइनर की पूर्व-दक्षिण दिशा में पटरी पूरी तरह समाप्त हो चुकी है, जिससे आवागमन और सिंचाई दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

इसके अलावा बड़ी नहर के किनारों से हो रहे पानी के रिसाव को रोकने और नहर की पटरी चौड़ी कराने की मांग भी रखी गई, ताकि किसानों की फसलों को नुकसान से बचाया जा सके। धरने से पहले किसानों ने ग्राम सभा में दूषित पेयजल की समस्या को लेकर खंड विकास अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी को मौके पर बुलाकर तालाबों का निरीक्षण कराया था। किसानों ने तालाबों की सफाई कर पशुओं के लिए स्वच्छ पानी की व्यवस्था करने की मांग दोहराई।

संगठन मंत्री धनंजय सिंह ने बताया कि बैठक में अघोषित विद्युत कटौती रोकने और समय पर खाद उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसान दिल्ली–हावड़ा रेल मार्ग को खागा के पास बाधित करने को मजबूर होंगे।

धरने में कुलदीप सिंह, धीरेंद्र सिंह, शीतल प्रसाद, सुधीर श्रीवास्तव, महेंद्र पटेल, धर्मेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, संदीप तिवारी, सुफल पटेल, शिव गोविंद, जसवंत पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।