रामपुर। उत्तर प्रदेश/जनपद रामपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर 2026 को तहसील टाण्डा में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने तहसील परिसर में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने एक-एक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनी तथा शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक जांच कर समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता को संतुष्ट कराना भी संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं, राजस्व संबंधी प्रकरण, पुलिस सहायता एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों की शिकायतें सामने आईं। कई मामलों में अधिकारियों ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए फरियादियों को राहत दिलाने का प्रयास किया।
इस कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी रामपुर सहित अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी तथा राजस्व विभाग की टीम भी उपस्थित रही। सम्पूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन द्वारा जनता की समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान की दिशा में कदम उठाया गया, जिससे लोगों को न्याय और राहत मिल सके।