हिमांचल प्रदेश में संपन्न हुई तीसरी सब जूनियर नॉर्थ जोन नेशनल रोल बॉल चैंपियनशिप 2026 के उपविजेता के खिताब पर उत्तर प्रदेश की टीम ने कब्जा कर लिया। उपविजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि ने अपने कर कमलों से ट्रॉफी प्रदान की। उत्तर प्रदेश की टीम को फाइनल में हरियाणा ने परास्त किया।
रोलबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ लखनऊ के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश लड़कों की टीम ने सेमीफाइनल में मजबूत उत्तराखंड टीम को एकतरफा मुकाबले में 6-0 से परास्त कर फाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल मैच में प्रदेश टीम में लखनऊ के स्टार खिलाड़ी आरुष ने 5 गोल किये, उनके दनदनाते गोलो का विपक्षी खिलाड़ियों के पास कोई तोड़ नही था। फाइनल मैच में उत्तर प्रदेश टीम ने हरियाणा की मजबूत टीम को कड़ी टक्कर दी, लेकिन कप्तान आरुष के शानदार 2 गोल के बावजूद 5-7 से हार का सामना करना पड़ा। मैच जीतने के साथ हरियाणा टीम ने विजेता का खिताब जीत लिया जबकि उत्तर प्रदेश को उपविजेता के खिताब से ही संतोष करना पड़ा। पूरे टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश टीम के लिए लखनऊ के आरुष ने 10 और लखनऊ के ही हर्ष ने 8 गोल कर शानदार प्रदर्शन किया।
रोलबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राकेश त्यागी, सचिव संतोष कुमार, रोलबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन लखनऊ के अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मंजू श्रीवास्तव, नीरज श्रीवास्तव, प्रकाश मिश्रा, आदित्य बाजपेयी, सविता सिंह, सुनील शुक्ला, विकास वर्मा, गौरव, अनुपेंद्र, मनीष वर्मा, राजेश सिंह ने उत्तर प्रदेश खिलाड़ियों को उपविजेता बनने की बधाई दी।