वाराणसी। इनर व्हील क्लब ऑफ वाराणसी एलीट की नव निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. यमुना सिंह ने अपने कार्यकाल का शुभारंभ समाज सेवा एवं सम्मान के प्रेरणादायी कार्यों के साथ किया। नए सत्र के प्रथम दिन क्लब द्वारा हिंदू सेवा सदन हॉस्पिटल में आर्थिक रूप से जरूरतमंद मरीजों का निःशुल्क डायलिसिस कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉक्टर्स डे एवं सीए डे के उपलक्ष्य में चिकित्सा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले डॉ. राजीव गुप्ता, डॉ. अनु अग्रवाल, डॉ. आशुतोष अग्रवाल तथा सीए प्यारे कृष्ण अग्रवाल को सर्टिफिकेट एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. यमुना सिंह ने कहा कि इनर व्हील क्लब ऑफ वाराणसी एलीट का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज के उन व्यक्तित्वों का सम्मान करना भी है, जो अपने कार्यों से समाज को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्लब पूरे वर्ष शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक सेवा प्रकल्पों का संचालन करेगा।
कार्यक्रम में क्लब की सचिव रजनी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शालिनी गोयल, पूर्व अध्यक्ष रजनी अग्रवाल तथा सदस्य कुमकुम उपस्थित रहीं। सभी ने सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाई और समाजहित में निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का समापन सेवा, सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व के संदेश के साथ हुआ। क्लब ने भविष्य में भी जनकल्याण के ऐसे कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।