महात्मा ज्योतिबा फुले, बी पी मंडल के साथ संविधान निर्माता डॉ अंबेडकर को किया याद |

 लखनऊ। अपना दल कमेरावादी के तत्वावधान में महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती (11 अप्रैल), बीपी मंडल पुण्यतिथि (13 अप्रैल) के साथ संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती (14 अप्रैल) की स्मृति में समता संकल्प मार्च निकाला गया। पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को मध्यान्ह लगभग 12:00 बजे दारुलशफा के पास एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं ने जुलूस के शक्ल में हजरतगंज चौराहा स्थित डॉ अंबेडकर के प्रतिमा पर पहुंचकर माल्यार्पण किया।

 कार्यक्रम का नेतृत्व कर रही सिराथू विधायक डॉ पल्लवी पटेल ने कहा कि संविधान एवं सामाजिक न्याय के अनुरूप चलकर ही देश व समाज का विकास हो सकता है। वर्तमान भाजपा सरकार डॉ अंबेडकर के प्रतीकों को पूजने और उनके विचारों और संविधान को कुचलने का कुत्सित प्रयास कर रही है। डॉ अंबेडकर के नाम पर सत्ता तक पहुंचे दलों की भी भूमिका ठीक नहीं है। ऐसे कठिन दौर में हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि हम सामाजिक न्याय एवं संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करें। उनके विचारों पर आगे बढ़ते हुए जनपक्षधर नेतृत्व का निर्माण करें, ताकि समतामूलक समाज की स्थापना हो सके तथा समाज के अंतिम आदमी को भी सही मायने में आजादी का आभास हो।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अपना दल कमेरावादी वंचितों के हितों के लिए मजबूती से संघर्ष कर रहा है। फुले, अंबेडकर और बीपी मंडल को याद करते हुए यह संकल्प और भी मज़बूत होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ सी एल पटेल और संचालन प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव एडवोकेट ने किया।