असंगठित श्रमिकों के लिए पंजीकरण शिविर, 50 से अधिक लाभार्थी हुए पंजीकृत

वाराणसी, डॉ. शम्भुनाथ सिंह रिसर्च फाउंडेशन द्वारा चाइल्ड राइट्स एंड यू (CRY), श्रम विभाग एवं डूडा के सहयोग से सामुदायिक पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए फाउंडेशन की कार्यक्रम निदेशक डॉ. रोली सिंह ने कहा कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के हितों की सुरक्षा राज्य की जिम्मेदारी है और विभिन्न सरकारी विभाग इसके लिए कार्यरत हैं।

मुख्य अतिथि श्रम विभाग के प्रवर्तन अधिकारी कुंवर रणंजय पाण्डेय ने श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। डूडा की प्रतिनिधि प्रीति ने दीनदयाल अंत्योदय योजना एवं राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत उपलब्ध सुविधाओं पर प्रकाश डाला। शिविर में ई-श्रम, बीओसीडब्ल्यू, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 50 से अधिक लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन दीक्षा सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन मनोज कुमार ने किया।