वाराणसी। गेल इंडिया लिमिटेड ने शहर में स्वच्छ और किफायती ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) आपूर्ति का दायरा बढ़ाया है। इसी क्रम में सोमवार को वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन परियोजना के तहत भीटारी-चांदपुर स्थित तरुण चाइल्ड एंड विमेन डेवलपमेंट सोसाइटी को सफलतापूर्वक पीएनजी नेटवर्क से जोड़ दिया गया।
पीएनजी आपूर्ति का औपचारिक शुभारंभ सुशील कुमार, महाप्रबंधक, गेल (इंडिया) लिमिटेड एवं वाराणसी सीजीडी परियोजना की टीम द्वारा किया गया। इस पहल से संस्थान को स्वच्छ, सुरक्षित और किफायती ईंधन उपलब्ध होगा, जिससे भोजन निर्माण की गुणवत्ता और दक्षता में सुधार आएगा।
उल्लेखनीय है कि तरुण चाइल्ड एंड विमेन डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा PM Poshan Yojana के अंतर्गत केंद्रीकृत किचन संचालित किया जा रहा है। यहां से वाराणसी के करीब 140 विद्यालयों में लगभग 30 हजार छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाता है। किचन की कुल क्षमता 50 हजार भोजन तैयार करने की है।
निर्धारित मीनू के अनुसार बच्चों को ताजा एवं गर्म भोजन उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही सप्ताह में सोमवार को फल एवं बुधवार को दूध का वितरण भी सुनिश्चित किया जाता है। आधुनिक मशीनों की मदद से स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित तरीके से भोजन तैयार कर बच्चों तक पहुंचाया जाता है। पीएनजी कनेक्शन मिलने से अब किचन संचालन और अधिक सुगम, सुरक्षित तथा पर्यावरण के अनुकूल हो जाएगा, जिससे बच्चों को बेहतर गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।