कचरा ब्लास्ट के बाद जनता में आक्रोश, डीएम से की शिकायत

रामपुर। सदर तहसील क्षेत्र के हजरतपुर तोपखाना इलाके में कचरे के ढेर में हुए ब्लास्ट की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। आम जनता पार्टी के पदाधिकारियों व क्षेत्रीय नागरिकों ने इस गंभीर समस्या को लेकर जिलाधिकारी रामपुर से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई।

आम जनता पार्टी के प्रतिनिधियों ने डीएम को बताया कि इलाके में लंबे समय से कचरे का ढेर जमा है, जिससे गंदगी और बदबू फैल रही है। हाल ही में कचरे में हुए ब्लास्ट ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं किसी बड़े हादसे को जन्म दे सकती हैं।प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि कचरे के ढेर के कारण आसपास के लोगों में संक्रमण, बुखार, सांस संबंधी बीमारी, त्वचा रोग जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। इसके अलावा मच्छरों और आवारा जानवरों का भी आतंक बना हुआ है।

आम जनता पार्टी ने डीएम से मांग की कि क्षेत्र में तत्काल कचरा हटवाया जाए, नियमित सफाई व्यवस्था लागू की जाए और कचरे के ढेर पर हो रहे ब्लास्ट जैसी घटनाओं की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने की बात कही है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।