• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Yaduvanshi Community Performs *Jalabhishek* of Shri Kashi Vishwanath Following Traditional Procession

यदुवंशी समाज ने परंपरागत शोभायात्रा के साथ किया श्री काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक

यदुवंशी समाज ने परंपरागत शोभायात्रा के साथ किया श्री काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक

वाराणसी। सावन मास की प्राचीन परंपरा का निर्वहन करते हुए काशी विश्वनाथ दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष यंत्रलेश्वर यादव के नेतृत्व में बुधवार को हजारों की संख्या में यदुवंशी समाज के लोगों ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में पहुंचकर विधि-विधान से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। कार्यक्रम का शुभारंभ घुघरानी गली, हौज कटोरा स्थित काशी विश्वनाथ दल के प्रधान कार्यालय एवं स्वर्गीय तेजू सरदार के आवास से हुआ, जहां मुख्य अतिथि पूर्व विधायक संजय यादव सहित विशिष्ट अतिथियों का अंगवस्त्र, साफा एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। डमरू वादन के साथ निकली शोभायात्रा में श्रद्धालु "हर-हर महादेव" और "हर-हर बम-बम" के जयघोष करते हुए आगे बढ़े। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा मारवाड़ी अस्पताल, गोदौलिया, डेढ़सी पुल होते हुए शीतला घाट पहुंची, जहां मां गंगा का पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद स्वर्गीय तेजू सरदार द्वारा रचित दोहा— "बाबा बाबा सब कहे, माई कहे ना कोय। बाबा के दरबार में, माई कहे सो होय।" — का सामूहिक पाठ किया गया। श्रद्धालुओं ने मां शीतला, ढूंढीराज गणेश एवं मां अन्नपूर्णा का जलाभिषेक करने के उपरांत श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पश्चिमी द्वार से गर्भगृह में प्रवेश कर बाबा विश्वनाथ का विधिवत जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया।

जलाभिषेक के बाद सभी श्रद्धालु गेट संख्या-4 पर एकत्र हुए और सफल आयोजन में सहयोग के लिए शासन, प्रशासन तथा मंदिर प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर कुछ श्रद्धालु प्रधान कार्यालय पहुंचकर फलाहार एवं विश्राम के लिए रुके। इस अवसर पर पूर्व विधायक संजय यादव, डीआईजी अंगद यादव, मदन यादव, अजय यादव, रजनी यादव, बिहारी यादव, नरसिंह यादव, रवि यादव, एफसीआई प्रबंधक सोनू यादव, सूरज यादव, विशाल यादव, मनोज यादव, अमरेंद्र यादव, लवकुश यादव, राजेश यादव, शांभवी यादव, उमा यादव, सुधांशु यादव, हरि प्रसाद, आशुतोष, अनीता, दिया, गणेश सहित बड़ी संख्या में यदुवंशी समाज के लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में काशी विश्वनाथ दल की राष्ट्रीय महासचिव निशा यादव तथा कार्यकारिणी सदस्य विशाल पांडेय, कृष्णा पांडेय ने सभी सहयोगियों एवं यदुवंशी समाज का आभार व्यक्त किया। आयोजन का समापन "जय माधव, जय यादव" और "हर-हर महादेव" के उद्घोष के साथ हुआ।