सनी शाह / लखनऊ के थाना इंदिरा नगर तकरोही गांव स्थित संतपुरम के प्राचीन साई चेतना सनातन धर्म मंदिर में बीती रात चोरों ने मंदिर परिसर का शीशा तोड़कर दान पेटी चोरी कर ली। पूरी घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक व्यक्ति दान पेटी ले जाते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 1 बजकर 30 मिनट पर हुई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर पहुंच गए। मंदिर ट्रस्टी का कहना है कि CCTV फुटेज में दिखाई देने वाले युवक की पहचान सुल्तान के रूप में की जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी। सूचना मिलने पर इंदिरा नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। संतपुरम का यह प्राचीन मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। मंदिर से दान पेटी चोरी होने की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। लोगों का कहना है कि हर 15 से 20 दिनों के अंतराल पर चोरी की वारदात सामने आ रही है, जिससे लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। इससे पहले भी पुलिस प्रशासन को पत्र लिखकर क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की गई थी, ताकि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उनका आरोप है कि पर्याप्त कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।