रावत शिक्षा समिति दिव्यांग निःशुल्क आवासीय विद्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र के प्रांगण में 15 अगस्त को 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती श्वेता दिवाकर तथा अति विशिष्ट अतिथि हाथरस की पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती डौली माहौर रहीं। विशिष्ट अतिथियों में वासुदेव माहौर, राजेश उपाध्याय, सतीश उपाध्याय, स्वयंसेवक श्री रामहरी चाहर, श्री दीपक शर्मा, दिनेश गांधी, दुष्यंत पचौरी एवं श्री जयकिशन (बीज भंडार वाले) उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत माँ सरस्वती एवं देश के अमर शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।संस्था के अध्यक्ष एवं संस्थापक डॉ. एम.एल. रावत, अर्चना शर्मा एवं राजमाला ने सभी अतिथियों का माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन दीपक शर्मा एवं पीयूष रावत ने किया।
सर्वप्रथम संस्था अध्यक्ष डॉ. एम.एल. रावत ने संस्था की गतिविधियों तथा देश पर अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर डौली माहौर एवं वासुदेव माहौर ने कहा कि वे अपने पिता स्वर्गीय रैवती माहौर जी के समय से ही रावत जी की संस्था से जुड़े हुए हैं और आज तक संस्था के प्रत्येक कार्यक्रम में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका परिवार संस्था से तन-मन-धन से जुड़ा हुआ है।
मुख्य अतिथि श्रीमती श्वेता दिवाकर ने कहा कि उनका परिवार पूर्व से ही रावत जी की संस्था से जुड़ा हुआ है और आगे भी जुड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होकर उन्हें बहुत खुशी हुई। बच्चों को देश और स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जानी चाहिए, तभी उनमें देश के प्रति जागरूकता और सम्मान की भावना विकसित होगी। उन्होंने इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने की बात कही।
इस अवसर पर रावत जी एवं राजमाला, जिला अध्यक्ष दिव्यांग विकास संगठन एवं दिव्यांग सेना, द्वारा दिव्यांगजनों की सेवा के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि जो लोग दिन-रात दिव्यांगजनों की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित कर रहे हैं, वे ईश्वर के समान हैं। दिव्यांगजनों की सेवा ईश्वर की पूजा के समान है।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों को मिष्ठान एवं अन्य सामग्री का वितरण किया गया।
इस अवसर पर एस.पी. उपाध्याय, विनोद, दिनेश चौधरी, कल्पना, विष्णु, पूजा, सपना, गुशवु, पिंकी सहित अनेक दिव्यांगजन एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।