वाराणसी। पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार, वाराणसी नगर निगम और स्विगी के संयुक्त सहयोग से “वाराणसी का स्वाद, स्विगी के साथ” पहल की शुरुआत की गई। इसका शुभारंभ 12 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया।
इस पहल के तहत काशी चाट भंडार, चाची की प्रसिद्ध कचौरी, लक्ष्मी चाय, पहलवान लस्सी, गामा पान भंडार, पाठक जी ठंडाई वाला समेत शहर के 12 प्रसिद्ध भोजनालयों के लोकप्रिय व्यंजन पर्यटकों और स्थानीय लोगों तक आसानी से पहुंचाए जाएंगे। कार्यक्रम में इन प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों को पर्यटन विभाग की ओर से प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
योजना के अंतर्गत नमो घाट, अस्सी घाट और दशाश्वमेध घाट पर पारंपरिक शैली के विशेष ठेले लगाए जाएंगे, जहां आगंतुक बनारस के प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। वक्ताओं ने कहा कि यह पहल वाराणसी की समृद्ध खाद्य विरासत को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय खाद्य व्यवसायों को नई पहचान और अवसर प्रदान करेगी।