अमरनाथ सेवा से लौटे सेवादारों का कैंट स्टेशन पर भव्य स्वागत
वाराणसी। श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति द्वारा अमरनाथ यात्रा के दौरान जम्मू-कश्मीर के चंदनवाड़ी में संचालित 26वें विशाल भंडारे के सफल समापन के बाद शुक्रवार को वाराणसी लौटे सेवादारों का कैंट रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। बेगमपुरा एक्सप्रेस से पहुंचे करीब 20 सेवादारों का समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने माल्यार्पण और पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह 'बंटी' के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में विवेक श्रीवास्तव, संतोष जायसवाल, पियूष गुप्ता, राजेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। अमरनाथ यात्रा में सेवा कार्य करने वाले दल का नेतृत्व अजीत साव, जितेंद्र साहनी, काजू, वीरेंद्र सिंह एवं अखिलेश यादव ने किया दिलीप सिंह 'बंटी' ने बताया कि समिति पिछले 26 वर्षों से लगातार अमरनाथ यात्रा के दौरान चंदनवाड़ी में विशाल भंडारे का संचालन कर रही है। इस वर्ष भी हजारों श्रद्धालुओं को भोजन, जलपान एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं निस्वार्थ भाव से उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी भंडारे में पहुंचे और सेवादारों के साथ प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने बनारसी व्यंजनों की सराहना करते हुए स्वयंसेवकों की सेवा भावना की प्रशंसा की उन्होंने कहा कि समिति के सभी सदस्य कठिन मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में करीब सवा महीने तक परिवार से दूर रहकर बिना किसी पारिश्रमिक के श्रद्धालुओं की सेवा करते हैं। संस्था भविष्य में भी इसी समर्पण और सेवा भावना के साथ बाबा बर्फानी के भक्तों की सेवा करती रहेगी। इस अवसर पर समिति ने भंडारे के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी सेवादारों, दानदाताओं, प्रशासन, सुरक्षा बलों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।