घुटनों से ऊपर पानी के बीच स्कूल से निकलते दिखे बच्चे, मरीजों को भी उठानी पड़ी परेशानी
*खखरेरू/फतेहपुर* बीते 24 घंटे से लगातार हो रही तेज बारिश ने नगर पंचायत खखरेरू में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। नगर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। स्कूलों से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक पानी भर जाने से बच्चों, मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण जगह-जगह घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया। जलभराव के बीच स्कूल से छुट्टी के बाद बच्चे पानी में गिरते-पड़ते और संभलकर निकलते नजर आए। पानी में जगह-जगह गड्ढे होने के कारण बच्चों के लिए खतरा और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे कई बच्चे पानी में गिरकर चोटिल भी हो रहे हैं।
सबसे खराब स्थिति सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू की बनी हुई है। अस्पताल के मुख्य गेट से लेकर परिसर के अंदर तक भारी मात्रा में पानी भर गया है। ऐसे में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। जलभराव की स्थिति देखकर कई मरीज अस्पताल पहुंचने के बजाय वापस लौटने को मजबूर हैं।
स्थानीय ग्रामीणों और नगरवासियों ने बताया कि नगर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा हो गया है। लगातार बारिश होने से स्थिति और गंभीर होती जा रही है। लोगों ने जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराए जाने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान हर वर्ष पैदा होने वाली जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
नगरवासियों का कहना है कि स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर जलभराव होना गंभीर समस्या है। प्रशासन को तत्काल पानी की निकासी कराकर आवागमन सुचारु कराने के साथ ही जलभराव वाले स्थानों पर सुरक्षा के इंतजाम करने चाहिए।
इस संबंध में ईओ खखरेरू हरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जलभराव की समस्या के लिए पंपिंग सेट लगा कर जल निकासी की व्यवस्था करवाई जा रही है