वाराणसी। थाना चौबेपुर क्षेत्र के ग्राम शंकरपुर निवासी दुईजा देवी ने थाना प्रभारी चौबेपुर को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर नाबालिग बच्ची के अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके नाबालिग पौत्र काजू को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए चौकी पर बुलाया गया, जहां उसे बताया गया कि उस पर एक नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, संबंधित बालिका पारिवारिक विवाद के चलते अपनी मां से नाराज होकर घर छोड़कर चली गई थी, जिसके संबंध में थाना चौबेपुर में मुकदमा दर्ज है। शिकायतकर्ता का कहना है कि बालिका की मां चन्दा देवी का राजेश नामक व्यक्ति से जमीन संबंधी विवाद चल रहा है और इसी रंजिश के कारण झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी पहले भी दी गई थी।
दुईजा देवी ने आरोप लगाया कि चन्दा देवी ने भूमि विवाद में दबाव बनाने और विरोधियों को परेशान करने के उद्देश्य से षड्यंत्रपूर्वक उनके पौत्र तथा अन्य लोगों को मामले में फंसाने का प्रयास किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पूर्व में भी इसी प्रकार के विवादों को लेकर झूठे आरोप लगाए जा चुके हैं।
शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यों के आधार पर जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो और वास्तविक तथ्य सामने आ सकें।