बीएचयू में विश्व दुग्ध दिवस पर सुरक्षित दूध और खाद्य सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

वाराणसी। विश्व दुग्ध दिवस 2026 के अवसर पर काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान संस्थान के डेयरी साइंस एवं फूड टेक्नोलॉजी विभाग तथा भारतीय डेयरी संघ (आईडीए) ईस्टर्न यूपी चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में सुरक्षित दूध, पोषण एवं खाद्य सुरक्षा विषयक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर "सुरक्षित दूध, स्वस्थ भविष्य" विषय पर वेबिनार आयोजित हुआ, जिसमें विशेषज्ञों ने खाद्य उद्योग में रोजगार, कौशल विकास, डेयरी नवाचार एवं उद्यमिता की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

सायंकाल विश्वविद्यालय परिसर में "फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स" कार्यक्रम के तहत मोबाइल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से दूध एवं अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान संबंधी परीक्षणों का प्रदर्शन किया गया। मुख्य अतिथि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त-2 कौशलेन्द्र शर्मा ने खाद्य सुरक्षा को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया। विभागाध्यक्ष प्रो. आर.के. डुआरी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम पोषण सुरक्षा, खाद्य गुणवत्ता और जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं नागरिकों ने भाग लिया।