• Home
  • Uttar Pradesh
  • Rampur
  • Major success for Rampur Police: 120 lost mobile phones recovered; property worth over ?20 lakh returned to owners.

रामपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 120 गुमशुदा मोबाइल बरामद, 20 लाख से अधिक की संपत्ति लौटाई गई मालिकों को

रामपुर। उत्तर प्रदेश/ जनपद रामपुर में पुलिस की सर्विलांस सेल ने एक बार फिर शानदार कार्य करते हुए आमजन के गुम हुए 120 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत 20 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक रामपुर सोमेंद्र मीणा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में सर्विलांस सेल एवं थानों पर नियुक्त CEIR पोर्टल टीम द्वारा गुमशुदा मोबाइल फोनों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया गया। CEIR पोर्टल, उच्चाधिकारियों एवं थाना स्तर पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर की गई कार्रवाई में टीम ने अथक प्रयास करते हुए 120 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की।


रिजर्व पुलिस लाइन रामपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बरामद मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई मोबाइल धारकों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ फोन कभी वापस मिल पाएगा, लेकिन रामपुर पुलिस के प्रयासों से उनकी उम्मीद हकीकत में बदल गई।पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल फोन की सुरक्षा के प्रति सजग रहें तथा किसी भी प्रकार की गुमशुदगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध नियंत्रण और आमजन की सहायता के लिए रामपुर पुलिस लगातार प्रभावी कार्य कर रही है। इससे पहले भी सर्विलांस सेल द्वारा अनेक गुमशुदा मोबाइल बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं।

रामपुर पुलिस की इस सराहनीय उपलब्धि की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है तथा आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।