• Home
  • Uttar Pradesh
  • Lucknow
  • On Bade Mangal, Sunderkand recitation and a feast were organised at the R.R. Group of Institutions.

आर.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में बड़े मंगल पर हुआ सुंदरकांड पाठ एवं भंडारे का आयोजन

लखनऊ। बड़े मंगल के पावन अवसर पर RR Group of Institutions, बीकेटी, लखनऊ परिसर में सुंदरकांड पाठ एवं भंडारे का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः सुंदरकांड पाठ से हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। सुंदरकांड का पाठ राम कथा वाचक आचार्य श्री दिलीप शुक्ला जी महाराज द्वारा किया गया।


अपने संबोधन में आचार्य श्री दिलीप शुक्ला जी महाराज ने श्री हनुमान जी के जीवन चरित्र के माध्यम से छात्रों को अनुशासन, समर्पण, गुरु भक्ति एवं सेवा भाव की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि श्री हनुमान जी का व्यक्तित्व हमें सिखाता है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने एवं सदैव संस्कारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के चेयरमैन श्री अनिल कुमार अग्रवाल, सेक्रेटरी श्री चित्रांशु अग्रवाल, डायरेक्टर श्री एस.एस. चौहान, डीन एकेडमिक दुर्गेश वर्मा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर विकास सिंह, डीन ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट मिस आरती जायसवाल, चीफ प्रॉक्टर विजय बहादुर सिंह एवं फर्स्ट ईयर कोऑर्डिनेटर आशुतोष शुक्ला सहित समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही आसपास के गांवों के सम्मानित प्रधानों एवं विशिष्ट जनों ने भी कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।


कार्यक्रम का संचालन कॉलेज वार्डन श्री महेंद्र सिंह एवं कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा किया गया। कार्यक्रम का वातावरण भक्तिमय रहा तथा सभी ने हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त कर समाज में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।