श्रावणी मेला 2026: महिला उद्यमिता को मिलेगा नया मंच

वाराणसी। महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और स्थानीय सहित देशभर की महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का सशक्त मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सखी पैड बैंक द्वारा आयोजित "श्रावणी मेला 2026" का आयोजन 4 जुलाई (शनिवार) को महमूरगंज स्थित शुभम लॉन में किया जाएगा। मेले का आयोजन प्रातः 10 बजे से रात्रि 8 बजे तक होगा। इस वर्ष मेले की थीम "राधे-राधे" रखी गई है।

मेले का शुभारंभ शहर की प्रतिष्ठित हस्तियों रिवू श्रीवास्तव, डॉ. शिप्रा धर, डॉ. अलका शाह, शालिनी शाह, मीनू ग्रोवर एवं शशिवाला शाह के करकमलों द्वारा किया जाएगा।

सखी पैड बैंक पिछले लगभग दस वर्षों से इस आयोजन का सफलतापूर्वक संचालन कर रहा है। संस्था का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है।

इस वर्ष मेले में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 80 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें आकर्षक ज्वेलरी, परिधान, फुटवियर, हस्तनिर्मित उत्पाद, ग्रोसरी, गिफ्ट आइटम, होम डेकोर, राखियां, महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े उत्पाद तथा दैनिक उपयोग की अनेक वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी। खरीदारी के साथ आगंतुकों को नवीन संग्रह और विविध उत्पादों का भी अनुभव मिलेगा।

सखी पैड बैंक ने वाराणसीवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ मेले में पहुंचकर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करें तथा इस सामाजिक एवं व्यावसायिक पहल को सफल बनाने में सहयोग दें।

आयोजन को सफल बनाने में सुनीता भार्गव, चारु जैन, रूबी जैन, रीतिका जैन, सपना कपूर, प्रतिभा सिंह, संध्या तिवारी, विनीता श्रीवास्तव, अंजू गोयल, प्राची गुप्ता, उमा रस्तोगी, अंजू कर्ण, अनीता जायसवाल, वैदेही गर्ग, पूजा श्रीवास्तव, शीला गुप्ता सहित सखी पैड बैंक परिवार के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।