पत्रकार भवन निर्माण और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान का किया जाएगा प्रयास : हंसराज विश्वकर्मा
वाराणसी, 30 मई। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) वाराणसी इकाई द्वारा हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शिवपुर स्थित होटल रविंद्राया में पत्रकारिता शिखर सम्मान एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा तथा विशिष्ट अतिथि बी.एस. सुब्रह्मण्यम मणि थे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. बाल लखेंद्र रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। उपज के जिला अध्यक्ष विनोद बागी ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों को माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि वाराणसी में पत्रकार भवन के निर्माण का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने उपज के पदाधिकारियों से पत्रकारों की समस्याओं से संबंधित एक प्रतिवेदन तैयार कर उन्हें सौंपने का आग्रह किया, ताकि उसे शासन स्तर तक पहुंचाया जा सके।
विशिष्ट अतिथि बी.एस. सुब्रह्मण्यम मणि ने कहा कि जिस प्रकार सूर्य के दर्शन से दिन की शुरुआत होती है, उसी प्रकार समाचार पत्रों के माध्यम से समाज देश-दुनिया की गतिविधियों से अवगत होता है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण दायित्व के निर्वहन में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत अहम है।
मुख्य वक्ता डॉ. बाल लखेंद्र ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता को और सशक्त बनाने के लिए अंग्रेजियत की मानसिकता से बाहर निकलना होगा। उन्होंने कहा कि आज हिंदी पत्रकारिता देश में अपनी महत्वपूर्ण पहचान स्थापित कर चुकी है।
पूर्व विधान परिषद सदस्य चेत नारायण सिंह ने कहा कि पत्रकारिता आज जोखिम भरा कार्य बन गई है, लेकिन पत्रकारों की सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर अभी भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। उन्होंने सरकार से पत्रकारों के हित में ठोस कदम उठाने की मांग की।
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध तबला वादक पंडित अशोक पांडेय ने तबला वादन प्रस्तुत किया, जबकि वायलिन पर पंडित सुखदेव मिश्र ने संगत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह में अनिल कुमार जायसवाल, प्रदीप उपाध्याय, डॉ. अरविंद सिंह, मुनेश श्रीवास्तव, संतोष कुमार सिंह, महावीर श्रीवास्तव, प्रज्ञा मिश्रा, अरविंद कुमार श्रीवास्तव सहित अनेक पत्रकारों एवं गणमान्य लोगों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन उपज के उपाध्यक्ष अनिल जायसवाल ने