रामपुर/उत्तर प्रदेश। रामपुर जनपद की तहसील स्वार क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने अचानक कार्रवाई करते हुए स्थानीय निवासी जमील के पुत्र अली रजा के आवास पर छापेमारी की। कार्रवाई की सूचना मिलते ही इलाके में चर्चा का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके के आसपास जुटने लगे।
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई टीम सुबह तड़के ही स्वार पहुंच गई थी। बताया जा रहा है कि स्थानीय स्तर पर जानकारी पहुंचने से पहले ही टीम ने अली रजा के घर को घेर लिया और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से परिवार के सदस्य भी हैरान रह गए।
जानकारी के मुताबिक जांच अधिकारियों ने घर में मौजूद सभी सदस्यों के मोबाइल फोन अलग रखवा दिए और अली रजा से अलग कमरे में कई घंटों तक पूछताछ की। इस दौरान टीम ने घर में मौजूद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की भी जांच की।
सूत्रों का दावा है कि जांच किसी बड़े वित्तीय लेन-देन, साइबर अपराध, फर्जीवाड़े या अन्य संवेदनशील मामले से जुड़ी हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
छापेमारी के दौरान सीबीआई टीम ने अली रजा का मोबाइल फोन, लैपटॉप और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए। बताया गया कि कुछ शुरुआती डिजिटल डेटा की जांच मौके पर ही की गई और बाद में संबंधित उपकरणों को सील कर टीम अपने साथ ले गई।
कार्रवाई के संबंध में जांच अधिकारियों ने मीडिया को कोई आधिकारिक जानकारी देने से इनकार किया। अधिकारियों का कहना था कि मामला संवेदनशील है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद पूरे स्वार क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और लोग यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर यह मामला किस बड़े मामले से जुड़ा हुआ है।