रामपुर। उत्तर प्रदेश /रामपुर में नव नियुक्त क्षेत्राधिकारी (सीओ) पंकज पंत को कार्यभार संभाले हुए अभी पांच दिन ही हुए हैं, लेकिन उन्होंने आम जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देना शुरू कर दिया है। अपने कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी पंकज पंत ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं मोहल्लों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों, आपसी झगड़ों तथा अन्य शिकायतों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। क्षेत्राधिकारी ने सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
इस अवसर पर पंकज पंत ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य जनता को त्वरित न्याय एवं बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने लोगों से किसी भी समस्या या शिकायत के संबंध में निडर होकर पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस कर्मी एवं संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। क्षेत्राधिकारी की सक्रिय कार्यशैली को लेकर क्षेत्र के लोगों में सकारात्मक संदेश देखने को मिल रहा है।