- खखरेरू/फतेहपुर धाता विकासखंड की ग्राम पंचायत रतनपुर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से ग्रामीण वर्षों से जलभराव की समस्या झेल रहे हैं। बारिश होते ही मोहल्ले और आरसीसी सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे आवागमन प्रभावित हो जाता है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर स्थायी समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों जमीर अहमद, नसीम अहमद, जमील अहमद, मोहम्मद अहमद, परवीन अंसारी, अबरार अली, कमला देवी, अमरनाथ, कमलेश समेत अन्य लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जल निकासी की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं कराई गई। बारिश के दौरान आरसीसी सड़क जलमग्न हो जाती है, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। बच्चों को स्कूल जाने और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले मोहल्ले के अतीक अहमद के ढाई वर्षीय पुत्र आसिफ अली की जलभराव वाले गड्ढे में डूबने से मौत हो गई थी। घटना के बाद सचिव, लेखपाल सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक स्थायी व्यवस्था नहीं हो सकी।
ग्रामीणों का कहना है कि हर बारिश में गंदा पानी घरों के आसपास जमा हो जाता है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। उन्होंने जिलाधिकारी से गांव में पक्की नाली और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
एसडीएम खागा अभिनीत कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी लेकर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) से वार्ता की जाएगी और जल्द ही समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।