• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • After undergoing treatment for two months at Pinak Cancer Care Hospital, Nikki Ojha, a patient from Bihar, has returned home fully recovered.

पिनाक कैंसर केयर हॉस्पिटल में दो महीने तक चला उपचार, बिहार की मरीज निक्की ओझा स्वस्थ होकर घर लौटी

अखरी बाईपास स्थित पिनाक कैंसर केयर हॉस्पिटल में वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. पंकज सिंह और उनकी विशेषज्ञ टीम ने अंतिम स्टेज के मुंह के कैंसर से पीड़ित बिहार के कटिहार निवासी निक्की ओझा का सफल ऑपरेशन कर उन्हें नई जिंदगी दी। लगभग दो माह तक चले उपचार और पुनर्वास के बाद शनिवार को मरीज को स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

अस्पताल में आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि निक्की ओझा पिछले करीब दो वर्षों से मुंह के कैंसर से जूझ रही थीं। उनका इलाज कई अस्पतालों में कराया गया, जिसमें दिल्ली स्थित AIIMS भी शामिल था। परिजनों के अनुसार वहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जीवन की संभावना बेहद कम बताई गई थी।

मरीज के पति रतन ओझा ने बताया कि सभी जगह से निराश होने के बाद वे अंतिम उम्मीद लेकर अपनी पत्नी को काशी लाए और पिनाक कैंसर केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने गहन जांच के बाद 2 जून 2026 को जटिल कैंसर सर्जरी सफलतापूर्वक की।

सर्जरी के बाद लगातार उपचार, निगरानी और पुनर्वास के चलते मरीज के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हुआ। लगभग दो महीने की चिकित्सा के बाद 25 जुलाई 2026 को उन्हें स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि इस तरह के अंतिम स्टेज के मामलों में मरीज के बचने की संभावना सामान्यतः बहुत कम होती है। यह सफलता पूरी चिकित्सकीय टीम के समर्पण, आधुनिक उपचार पद्धति और मरीज के मजबूत विश्वास का परिणाम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कैंसर के मरीज निराश न हों और समय रहते विशेषज्ञ कैंसर सर्जन से परामर्श लें, क्योंकि सही समय पर उपचार मिलने से गंभीर से गंभीर कैंसर का भी सफल इलाज संभव है।

इस जटिल सर्जरी एवं उपचार में डॉ. मिथलेश, प्लास्टिक सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. अग्रहरि, डॉ. करिश्मा, डॉ. मोहित तथा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. आदित्य सहित पूरी चिकित्सकीय टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अस्पताल प्रबंधन ने इस सफलता को टीमवर्क, आधुनिक चिकित्सा तकनीक और मरीज के अटूट विश्वास का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।