मुंबई, भारत के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र सरकार को ₹2,811 करोड़ का लाभांश प्रदान किया। बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. देबदत्त चांद ने केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण को लाभांश का चेक सौंपा।
इस अवसर पर वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) के सचिव संजय लोहिया (आईएएस) तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक ललित त्यागी, संजय मुदालियर, लाल सिंह और बीना वाहिद भी उपस्थित रहे।
बैंक द्वारा बताया गया कि यह लाभांश भुगतान उसके मजबूत वित्तीय प्रदर्शन और सभी हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बैंक ने ₹2 अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर ₹8.50 का लाभांश घोषित किया है, जो अंकित मूल्य का 425 प्रतिशत है।
वित्त वर्ष 2025-26 बैंक ऑफ बड़ौदा के लिए उपलब्धियों भरा वर्ष रहा। बैंक ने पहली बार वार्षिक स्टैंडअलोन शुद्ध लाभ ₹20,000 करोड़ के आंकड़े को पार करते हुए ₹20,021 करोड़ का लाभ अर्जित किया। वहीं, 31 मार्च 2026 तक बैंक का वैश्विक कारोबार ₹30 लाख करोड़ से अधिक पहुंच गया।