रामपुर। उत्तर प्रदेश/ रामपुर।थाना गंज क्षेत्र के थाना अस्तबल मोहल्ले में उस समय हड़कंप मच गया, जब बिजली विभाग की टीम पर एक वाल्मीकि परिवार ने गुंडागर्दी, महिलाओं से बदसलूकी और घर में तोड़फोड़ करने का गंभीर आरोप लगाया। पीड़ित महिला सपना वाल्मीकि ने थाना गंज पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता सपना वाल्मीकि के अनुसार बिजली विभाग के कुछ कर्मचारी, जो खुद को जेई बता रहे थे, चार-पांच अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि टीम ने आते ही परिवार के लोगों के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया और महिलाओं के साथ बदतमीजी करते हुए अपशब्दों का प्रयोग किया।
सपना ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर कर्मचारियों ने दबंगई दिखाते हुए घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। मकान की सीढ़ियां उखाड़कर फेंक दी गईं और टॉयलेट तक को नुकसान पहुंचाया गया। घटना के दौरान मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
पीड़ित परिवार का कहना है कि पूरे घटनाक्रम से परिवार दहशत में है। सपना वाल्मीकि ने थाना गंज में प्रार्थना पत्र देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।