रामपुर। उत्तर प्रदेश/ रामपुर/ पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के निर्देशन में रामपुर पुलिस द्वारा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत यातायात पुलिस दूरबीन (बाइनाकुलर) की सहायता से दूर से ही वाहनों की निगरानी कर रही है तथा वाहन नंबर, सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों के पालन की जांच की जा रही है।
यातायात पुलिस की टीम प्रमुख चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर तैनात रहकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। विशेष रूप से चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट न लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने तथा अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन कर न केवल दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की भी रक्षा की जा सकती है।
रामपुर पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से सुरक्षित एवं जिम्मेदार तरीके से वाहन चलाने का आग्रह किया है।