थाना अजीमनगर पुलिस ने चोरी की घटना का किया सफल अनावरण, आरोपी गिरफ्तार

रामपुर। उत्तर प्रदेश/थाना अजीमनगर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए आरोपी को चोरी किए गए शत-प्रतिशत माल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 09.05.2026 को वादी द्वारा थाना अजीमनगर में तहरीर दी गई थी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके घर से सोने-चांदी के आभूषण तथा करीब 16 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए हैं। इस संबंध में थाना अजीमनगर पर मु0अ0सं0-97/2026 धारा 305(ए) बीएनएस बनाम अज्ञात के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

पुलिस अधीक्षक जनपद रामपुर द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत अपर पुलिस अधीक्षक रामपुर के निकट पर्यवेक्षण में थाना अजीमनगर पुलिस टीम द्वारा मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी, सीसीटीवी कैमरों तथा अन्य तकनीकी संसाधनों की सहायता से घटना का खुलासा किया।


पुलिस ने दिनांक 10.05.2026 को चोरी की घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त मोसिम पुत्र मुराद अली निवासी ग्राम नगला गणेश थाना अजीमनगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चोरी गया समस्त माल बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।